Article summary
Abstract
भारतीय ग्रामीण समाज में परिवार केवल जैविक संबंधों का समूह नहीं, बल्कि देखभाल, सहयोग, सामाजिक
सुरक्षा, सांस्कृतिक हस्तांतरण और भावनात्मक जुड़ाव की एक महत्वपूर्ण संस्था रहा है। विशेष रूप से ग्रामीण
परिवारों में वृद्ध माता-पिता, वयस्क संतान तथा बच्चों के बीच संबंध पारंपरिक रूप से पारस्परिक निर्भरता और
उत्तरदायित्व पर आधारित रहे हैं। किंतु शिक्षा के विस्तार, रोजगार के बदलते अवसर, ग्रामीण-नगरीय प्रवास,
तकनीकी परिवर्तन, परिवार के आकार में कमी, व्यक्तिगत आकांक्षाओं तथा जीवन-शैली में परिवर्तन ने पीढ़ियों
के बीच संबंधों के स्वरूप को प्रभावित किया है। वर्तमान अध्ययन का उद्देश्य दरभंगा जिले के बरही गाँव के विशेष
संदर्भ में ग्रामीण परिवारों में पीढ़ियों के बीच देखभाल, सहयोग और भावनात्मक संबंधों में हो रहे परिवर्तनों का
समाजशास्त्रीय अध्ययन करना है। अध्ययन में परिवार को एक गतिशील सामाजिक संस्था मानते हुए यह समझने
का प्रयास किया गया है कि संयुक्त एवं विस्तारित परिवारों की परंपरागत व्यवस्था के साथ-साथ एकल परिवार,
प्रवास और बदलती आर्थिक परिस्थितियाँ किस प्रकार अंतरपीढ़ी संबंधों को पुनर्गठित कर रही हैं।