Article summary
Abstract
जैन दर्शन तत्त्वमीमांसीय दृष्टिकोण से वास्तववाद और सापेक्षवादी बहुत्ववाद को स्वीकार करता है, जिसे
अनेकान्तवाद कहा जाता है। ‘अनेकान्त’ पद में जो ‘अन्त’ शब्द है उसके दो अर्थ है- वस्तु और धर्म। इसलिए
अनेकान्त का अर्थ होता है कि इस जगत् में अनेकानेक (अनन्त) वस्तुएं है और प्रत्येक वस्तु के अनेकानेक
(अनन्त) धर्म हैं। तत्त्व को जैन दर्शन में अनन्तधर्मात्मक माना गया है।1 वस्तु में एक साथ सत्-असत्,
भाव-अभाव आदि विरुद्ध धर्म विद्यमान होते हैं, जिसका परिज्ञान हमें एकान्त दृष्टि से नहीं हो सकता, उसके लिए
तो अनेकान्त दृष्टि होनी चाहिए। कोई भी वस्तु सर्वथा सत् अथवा असत् नहीं होती, क्योंकि किसी भी वस्तु का
सर्वथा एकरूप होना नितान्त असंभव है। समस्त वस्तुएँ किसी दृष्टि अथवा अपेक्षा से ही सत् अथवा असत् प्रतीत
होती हैं। पदार्थ का यह स्वभाव ही है कि वह एक धर्म को छोड़कर दूसरा धर्म ग्रहण करता है। प्रत्येक पदार्थ
जहाँ अपने स्वरूप की अपेक्षा सत् है वहीं पररूप की अपेक्षा असत् भी है। सत्-असत्, भाव-अभाव, शाश्वत-उच्छेद,
नित्य-परिणामी आदि विरोधी प्रतीत होते हैं परन्तु इन विरोधी धर्मो का जैसा समन्वय अनेकान्तवाद में प्राप्त होता
है वैसा अन्यत्र दुर्लभ है। किसी एक वाद या दृष्टि की शरण ग्रहण करना संकीर्णता है, परन्तु अनेकान्तवाद से
विरोधी धर्मों का समन्वय करना उसके विशाल दृष्टि तथा उदार विचार का परिचायक है। ‘‘अनेकान्त वस्तुतः दो
एकान्तवादी दृष्टियों को मिलनेवाली एक मिश्रित दृष्टि मात्र नहीं है बल्कि यह एक स्वतंत्र दृष्टि है, जिसके द्वारा
वस्तु का पूर्ण स्वरूप प्रतिभासित होता है।’’2 जैन दर्शन के इसी सापेक्षवादी, उदारवादी और समन्वयवादी दृष्टि
पर प्रकाश डालना प्रस्तुत आलेख का मुख्य प्रयोजन है।